नई दिल्ली 25 फरवरी 2026।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से 27 फरवरी तक महाराष्ट्र, झारखंड और राजस्थान के तीन राज्यों के दौरे पर रहेंगी, जहां वे स्वास्थ्य, आध्यात्मिक और सैन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रपति भवन की जानकारी के अनुसार, वे मुंबई स्थित लोकभवन में पीडी हिंदुजा अस्पताल के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘सेविंग लाइव्स एंड बिल्डिंग अ हेल्दीयर भारत’ का शुभारंभ करेंगी, जिसका उद्देश्य देशभर में स्वास्थ्य जागरूकता और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ावा देना है।
25 फरवरी को राष्ट्रपति महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के शेगांव में आयोजित ‘राष्ट्रीय आरोग्य मेला 2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और बाद में नागपुर में ब्रह्माकुमारीज के ‘एकता और विश्वास के माध्यम से महाराष्ट्र का स्वर्णिम युग’ कार्यक्रम के राज्यस्तरीय शुभारंभ समारोह में भी भाग लेंगी। 26 फरवरी को वे झारखंड के जमशेदपुर में श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चैरिटेबल ट्रस्ट के श्री जगन्नाथ मंदिर के भूमि पूजन समारोह में शामिल होंगी तथा मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज का भी दौरा करेंगी। दौरे के अंतिम दिन 27 फरवरी को वे राजस्थान के पोखरण में आयोजित ‘एक्स वायुशक्ति’ सैन्य अभ्यास का अवलोकन करेंगी, जो भारतीय वायु सेना की परिचालन क्षमता और मारक शक्ति का प्रदर्शन करेगा।



