पलवल, 25 फरवरी।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित और संतोषजनक समाधान को विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने अधिकारियों को बिजली सेवाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न करने की चेतावनी दी।
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में बिजली आपूर्ति, राजस्व वसूली, लाइन लॉस में कमी और उपभोक्ता सेवा गुणवत्ता की समीक्षा की गई। उन्होंने बिलिंग दक्षता, बिजली चोरी रोकथाम, बकाया वसूली और न्यायालयीन मामलों की प्रगति का भी जायजा लिया।
प्रबंध निदेशक ने 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए फीडर स्तर पर निगरानी बढ़ाने तथा अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली उपकरणों की नियमित मरम्मत और दुर्घटनाओं की रोकथाम पर भी जोर दिया।
साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और ‘मेरा गांव जगमग गांव’ योजना की प्रगति की समीक्षा कर सोलर पैनल वेंडर्स से चर्चा की गई।



