मुंबई, 21 फरवरी 2026
यह मामला वर्ष 2014 में आरएसएस के खिलाफ दिए गए बयान से जुड़ा है, जिसमें उन पर मानहानि का आरोप लगाया गया था। कोर्ट में राहुल गांधी ने नए जमानतदार के तौर पर महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल को पेश कर कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।
जानकारी के अनुसार 2014 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने भिवंडी तहसील के सोनाले क्षेत्र में एक जनसभा में कहा था कि महात्मा गांधी की हत्या के पीछे आरएसएस का हाथ था। इसी बयान को लेकर संघ से जुड़े स्थानीय नेता राजेश कुंटे ने उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था।
इस मामले में राहुल गांधी की ओर से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल चाकुरकर जमानतदार थे, जिनका पिछले वर्ष दिसंबर में निधन हो गया था। इसके बाद अदालत ने राहुल गांधी को नया जमानतदार पेश करने और नया जमानत बॉन्ड जमा करने का निर्देश दिया था।
कोर्ट में नए जमानतदार की प्रक्रिया पूरी करने के बाद राहुल गांधी भिवंडी अदालत परिसर से रवाना हो गए। वहीं, शिकायतकर्ता राजेश कुंटे ने कहा कि उन्होंने राहुल गांधी से अपने बयान पर माफी मांगने की मांग की थी, लेकिन माफी नहीं मांगी गई। उन्होंने आगे भी माफी की मांग जारी रखने की बात कही है।



