रायपुर, 02 मार्च।
छत्तीसगढ़ की राजधानी में होली पर्व के मद्देनजर इस बार 200 से ज्यादा सेलिब्रेशन इवेंट आयोजित किए जाएंगे। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है। साथ ही ‘मुंज्या’ थीम पर तैयार की गई होलिका भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
शहर में 3 और 4 मार्च को सबसे अधिक आयोजन निर्धारित हैं। इन कार्यक्रमों के लिए होटल, पैलेस, हॉल और रिसॉर्ट पहले से बुक किए जा चुके हैं। सभी आयोजनों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। हर डेढ़ किलोमीटर पर पेट्रोलिंग वाहन मौजूद रहेगा, जबकि गली-मोहल्लों में बाइक पेट्रोलिंग टीम गश्त करेगी। पूरे शहर की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी। किसी भी तरह की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति में क्विक रिस्पांस टीम तत्काल कार्रवाई करेगी। सभी डीसीपी और एसीपी थाना प्रभारियों के साथ लगातार पेट्रोलिंग करेंगे। शहर के 50 प्रमुख चौक-चौराहों पर फिक्स चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं।
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने 60 से अधिक चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए हैं। लगभग 500 यातायात जवान प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेंगे। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार और तीन सवारी चलने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। नियम उल्लंघन करने पर वाहन जब्त कर चालक को पैदल घर भेजा जाएगा।
इसी बीच शहर के कालीबाड़ी चौक पर वर्ष 2024 में रिलीज हुई हॉरर फिल्म ‘मुंज्या’ की थीम पर आधारित होलिका की प्रतिमा लोगों को आकर्षित कर रही है। इस थीम के साथ फिल्म के चर्चित किरदारों की झलक भी देखने को मिल रही है, जिससे उत्सव का माहौल और भी खास बन गया है।



