अहमदाबाद, 11 मार्च।
अदाणी स्पोर्ट्सलाइन ने आगामी प्रो कबड्डी लीग सत्र से पहले अनुभवी कोच रणधीर सिंह सेहरावत को गुजरात जायंट्स का मुख्य कोच नियुक्त किया है। ‘कबड्डी के चाणक्य’ के नाम से प्रसिद्ध सेहरावत लीग के सबसे अनुभवी कोचों में गिने जाते हैं।
सेहरावत 2014 से प्रो कबड्डी लीग से जुड़े हैं। उनके मार्गदर्शन में टीमों ने एक बार खिताब जीता और छह बार प्लेऑफ में जगह बनाई। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सेहरावत ने भारतीय रेल कबड्डी टीम के पुरुष और महिला दोनों टीमों को राष्ट्रीय चैंपियनशिप खिताब दिलाए हैं।
खिलाड़ी के रूप में उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कबड्डी टीम का प्रतिनिधित्व किया और एशियाई कबड्डी चैम्पियनशिप 1988, दक्षिण एशियाई खेल 1989 और एशियाई खेल 1990 में भाग लिया। 1990 के एशियाई खेलों में वह उपकप्तान के रूप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे।
रणधीर सिंह सेहरावत ने कहा कि वह प्रो कबड्डी लीग में वापसी कर खुश हैं और गुजरात जायंट्स के युवा एवं अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खिताब जीतने की दिशा में काम करेंगे। अदाणी स्पोर्ट्सलाइन के मुख्य व्यवसाय अधिकारी संजय अडेसरा ने कहा कि सेहरावत का अनुभव टीम को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।



