मीरजापुर,13 मार्च।
मीरजापुर में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही चर्चाओं के बीच जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। उन्होंने बताया कि तकनीकी कारणों से ऑयल कंपनियों के सर्वर की गति धीमी होने के कारण गुरुवार को ऑनलाइन बुकिंग में कुछ समय के लिए परेशानी जरूर हुई थी।
जिलाधिकारी के अनुसार सर्वर स्लो होने की वजह से उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग करने में कठिनाई हुई, जिससे कई स्थानों पर गैस की किल्लत की अफवाहें फैलने लगीं। उन्होंने कहा कि जिले में गैस की नियमित आपूर्ति जारी है और कहीं भी वास्तविक कमी की स्थिति नहीं है।
डीएम ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस एजेंसियों और गोदामों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। यदि घर में पहले से भरा हुआ सिलेंडर मौजूद है तो फिलहाल अतिरिक्त सिलेंडर लेने का प्रयास न करें, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर गैस मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि जिला प्रशासन गैस आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखें।
प्रशासन का कहना है कि तकनीकी समस्या का समाधान होते ही ऑनलाइन बुकिंग और सिलेंडर की डिलीवरी पहले की तरह सामान्य रूप से शुरू हो जाएगी और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।



