07 मार्च, सुकमा।
जिले के नवनिर्वाचित सरपंचों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और पंचायत संचालन के तरीकों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला पंचायत तीन चरणों में आवासीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित कर रही है। यह कार्यक्रम जिला पंचायत संसाधन केंद्र में आयोजित होगा।
जिपं सीईओ मुकुन्द ठाकुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह प्रशिक्षण 'रिर्वैप्ड आरजीएसए' योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। इसमें नवनिर्वाचित सरपंचों को पंचायती राज अधिनियम, पेसा नियम, ओएसआर और पंचायत संचालन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से पालन कर सकें।
प्रशिक्षण तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण 9 से 11 मार्च 2026 तक छिंदगढ़ जनपद के सरपंचों के लिए, द्वितीय चरण 12 से 14 मार्च तक छिंदगढ़ एवं कोंटा जनपद के सरपंचों के लिए, और तृतीय चरण 15 से 17 मार्च तक कोंटा जनपद के सरपंचों के लिए निर्धारित किया गया है।
सरपंचों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित तिथि पर प्रातः 10 बजे अपने आधार कार्ड के साथ प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित रहें। कार्यक्रम संचालन के लिए संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और मास्टर ट्रेनर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।



