07 मार्च, भागलपुर।
रेलवे परिसरों और ट्रेनों में अपराध और अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के तहत मालदा मंडल की रेलवे सुरक्षा बल ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता और मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ अशिम कुमार कुल्लू के मार्गदर्शन में आयोजित विशेष अभियानों में कुल पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ कर्मियों ने यात्रियों की संपत्ति की चोरी में शामिल पांच लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से सोने और चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, नकदी और चोरी करने के उपकरण जैसे ब्लेड, चाकू, प्लायर, कटर और स्क्रूड्राइवर बरामद हुए। इन बरामदियों का कुल मूल्य लगभग 7,60,000 रुपये है।
उधर, ऑपरेशन नार्कोस के तहत मालदा आरपीएफ क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच और आरपीएफ पोस्ट बरहरवा ने तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन संख्या 13032 जयनगर – हावड़ा एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान 4.7 किलो गांजा से भरा एक अनक्लेम्ड बैग बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 2,35,000 रुपये है।
इन अभियानों में गिरफ्तार पांचों व्यक्तियों और बरामद सामग्री को आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित जीआरपी अधिकारियों को सौंप दिया गया है।



