मीरजापुर, 21 फरवरी।
चुनार नगर के लोवर लाइन स्थित संत थॉमस स्कूल के इंटरमीडिएट छात्र श्रीयांश कुमार सिंह ने जेईई मेन्स परीक्षा में पहले ही प्रयास में 99.12 पर्सेंटाइल प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
प्रधानाचार्य फादर संतोष कुमार ने श्रीयांश को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उसकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का नतीजा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्रीयांश आगामी जेईई एडवांस परीक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा।
वाराणसी के चिरई ब्लॉक निवासी श्रीयांश वर्तमान में चुनार में अपने फूफा मन्ना सिंह के घर रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब उनका लक्ष्य जेईई एडवांस पास कर किसी प्रतिष्ठित संस्थान से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग करना है। श्रीयांश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों के मार्गदर्शन और नियमित अध्ययन को दिया।
नगर के शिक्षकों, सहपाठियों और समाज के अन्य लोगों ने श्रीयांश की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।



