जयपुर, 23 फरवरी 2026।
जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद हुए हिंसक झगड़े में एक किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। भोमिया जी की बस्ती में रहने वाले आदिल का कुछ युवकों से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने आदिल पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर) बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर समीर, अरबाज सहित अन्य आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और विवाद हो चुका था। रविवार रात मामूली बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद चाकू से हमला किया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और कुछ लोग भट्टा बस्ती थाने के बाहर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की गहन जांच जारी है।



