रायपुर, 28 फरवरी।
छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम साफ रहने और पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने के चलते अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके चलते गर्मी का असर और अधिक महसूस किया जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में सबसे अधिक तापमान बढ़ सकता है, जहाँ पारा 37°C से 39°C तक पहुँचने की उम्मीद है।
राज्य में मार्च के शुरू होने से पहले ही गर्मी का असर दिख रहा है। पिछले छह दिनों में पारे में करीब 4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिन राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35°C राजनांदगांव में, जबकि न्यूनतम तापमान 11.1°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। 15 से अधिक शहरों में अधिकतम तापमान 30°C से ऊपर दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, बलरामपुर, राजनांदगांव, कबीरधाम, कोरबा, सूरजपुर और कोरिया समेत कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा और 5 मार्च तक कोई बड़ा बदलाव नहीं देखने को मिलेगा।


