भदोही, 21 फरवरी।
जम्मू-कश्मीर के नगरोटा में आतंकी हमले में शहीद हुए जिले के अग्निवीर धीरज कुमार गुप्ता का पार्थिव शरीर शनिवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव जेटूपुर (औराई) पहुंचा। सेना के वाहन से जैसे ही पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा क्षेत्र ‘धीरज गुप्ता अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा।
26 वर्षीय धीरज गुप्ता वर्ष 2023 में अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती हुए थे और भारत-पाक सीमा पर तैनात थे। 19 फरवरी की रात नगरोटा क्षेत्र में आतंकियों द्वारा की गई फायरिंग में वे वीरगति को प्राप्त हुए।
पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने से पहले ही मुख्य मार्गों पर तिरंगा झंडा लगाया गया था। सेना के वाहन पर लिपटा तिरंगा शहीद के बलिदान की गवाही दे रहा था। शहीद के पिता श्यामसुंदर गुप्ता का पूर्व में ही निधन हो चुका है। धीरज का विवाह आगामी 20 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित था।
शहीद के सम्मान में भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद, जिलाधिकारी शैलेश कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी गांव पहुंचे और पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मां द्वारा तिरंगा अर्पित किए जाने का दृश्य देख मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
शहीद धीरज गुप्ता का अंतिम संस्कार रामपुर गंगा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।



