रायपुर, 09 मार्च।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का छठा दिन सोमवार को आयोजित होगा। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी और इसकी शुरुआत प्रश्नकाल से की जाएगी। इसके बाद विभिन्न सरकारी विभागों की वार्षिक रिपोर्टें विधानसभा के पटल पर प्रस्तुत की जाएंगी। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कई महत्वपूर्ण विभागों की अनुदान मांगों पर भी चर्चा शुरू होने वाली है।
विपक्ष इस दौरान दुर्ग जिले में भाजपा से जुड़े एक नेता के खेत में अफीम की खेती के मामले को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। कांग्रेस विधायक इस मुद्दे पर काम रोको प्रस्ताव यानी स्थगन प्रस्ताव लाने की रणनीति बना रहे हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में सूखे नशे के अवैध कारोबार को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में भाजपा से जुड़े नेता के खेत में अफीम की खेती सामने आने से सरकार के दावों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इसके अलावा विपक्ष धान खरीदी, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन व्यवस्था, आंगनबाड़ी सेवाओं और कुपोषण जैसे मुद्दों को भी सदन में उठाने की तैयारी कर रहा है।
प्रश्नकाल के दौरान खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ मंत्री केदार कश्यप, दयालदास बघेल और रामविचार नेताम सदन के पटल पर विभिन्न दस्तावेज और प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।
आज की कार्यवाही के दौरान विधायक भावना बोहरा और ब्यास कश्यप ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी पेश करेंगे। इसके अलावा सभापति गोमती साय द्वारा विभिन्न प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे।
सत्र के दौरान आज से विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा की प्रक्रिया भी शुरू होगी। इस चर्चा में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित कई सदस्य भाग लेंगे।



