राजस्थान
07 Mar, 2026

नागौर में दर्दनाक हादसा, पानी के टांके में डूबने से तीन बच्चों की मौत

नागौर के बसवाणी गांव में पानी के टांके में डूबने से दो जुड़वां बहनों और उनके छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि मां की हालत अस्पताल में गंभीर बनी हुई है।

नागौर, 07 मार्च।

राजस्थान के नागौर जिले के सदर थाना क्षेत्र के बसवाणी गांव में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां घर के बाहर बने पानी के टांके में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। वहीं उनकी मां की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया गया कि हादसे के समय बच्चों के दादा-दादी खेत में काम करने गए हुए थे। देर रात जब वे घर लौटे तो घर के बाहर बने टांके का ढक्कन खुला हुआ दिखाई दिया। शक होने पर जब उन्होंने अंदर झांककर देखा तो मां और तीनों बच्चे पानी में पड़े नजर आए।

यह दृश्य देखकर वे घबरा गए और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सभी की मदद से चारों को टांके से बाहर निकाला गया और तुरंत नागौर के जेएलएन अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे में पांच साल की जुड़वां बहनें गुंजन और अनुष्का तथा उनका दो वर्षीय भाई रुद्र की मौत हो गई। उनकी मां मंजू देवी (25) का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद बच्चों की दादी साबुड़ी देवी सदमे में बेहोश हो गईं, जिनकी तबीयत भी खराब बताई जा रही है। वहीं बच्चों के दादा प्रहलाद राम भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं।

जानकारी के अनुसार बच्चों के पिता रामप्रसाद खजवाना (जैसलमेर) में ईंट भट्टे पर मजदूरी करते हैं। घटना की खबर मिलने के बाद वह रात में ही गांव पहुंच गए। सात भाइयों के इस परिवार में रुद्र इकलौता पोता था।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे खेलते समय टांके में गिरे या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस का कहना है कि महिला की हालत सुधरने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़

तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में तैनात किए छह एफ-16 विमान

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के बीच तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में छह एफ-16 लड़ाकू विमान और वायु रक्षा प्रणाली तैनात कर इलाके की सुरक्षा मज़बूत की है।

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता ज्वाला ने जन्म दिए पांच शावक

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में नामीबियाई मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को जन्म देकर भारत में चीतों की संख्या 53 कर दी।

पश्चिम एशिया संकट से रुपये का दबाव, 92.35 पर पहुंची मुद्रा

पश्चिम एशिया में तनाव और कच्चे तेल की तेजी के कारण रुपये डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 92.35 पर पहुंच गया।

कर्तव्य पथ पर ‘शी लीड्स भारत’ शक्ति वॉक, 3000 महिलाएं लेंगी भाग

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के सशक्तिकरण और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए कर्तव्य पथ पर शक्ति वॉक का आयोजन होगा।

19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी रामलला के दर्शन, राम मंदिर निर्माण का अधिकांश कार्य पूरा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को राम मंदिर में दर्शन करेंगी और मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की विशेष योजना बनाई गई है।