शिमला, 09 मार्च।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ननखड़ी क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि युवक की कार सड़क से फिसलकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ननखड़ी थाना में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार पांडाधार गांव के निवासी ललित कुमार ने पुलिस को जानकारी दी कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि खोड़कनाली नामक स्थान पर सूखी नहर के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिरी हुई है और उसके पास एक व्यक्ति मृत पड़ा है।
सूचना मिलने के बाद ललित कुमार स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि कार सड़क से काफी नीचे खाई में गिरी हुई थी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। वहीं कार के पास एक व्यक्ति पीठ के बल मृत अवस्था में पड़ा हुआ मिला।
बाद में मृतक की पहचान कपिल (30) पुत्र सुखदास निवासी भड़गांव, डाकघर भुट्टी, उपतहसील कोटगढ़, जिला शिमला के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन सफेद रंग की ग्रैंड आई10 निओस कार थी, जिसका नंबर HP95-1895 है। वाहन के दस्तावेजों के अनुसार कार कपिल के नाम पर ही पंजीकृत थी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कपिल सात मार्च की रात करीब आठ बजे बिथल से अपनी कार से ससुराल गांव चकटी, तहसील ननखड़ी के लिए निकला था। रास्ते में वह करीब रात साढ़े दस बजे पांडाधार तक पहुंचा था। इसके बाद उसने किसी का फोन नहीं उठाया। आशंका जताई जा रही है कि पांडाधार से आगे बढ़ने के कुछ ही समय बाद उसकी कार नियंत्रण खो बैठी और करीब रात 10:40 बजे दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि यह हादसा संभवतः वाहन को लापरवाही से चलाने के कारण हुआ होगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


