रीवा, 16 मार्च।
मध्य प्रदेश के संस्कृति विभाग द्वारा भोजपुरी साहित्य, संस्कृति और लोक कलाओं के संरक्षण, संवर्धन और प्रोत्साहन के उद्देश्य से रीवा में सोमवार से दो दिवसीय निर्गुण समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध भोजपुरी कलाकारों द्वारा व्याख्यान, गायन और नृत्य की प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी।
भोजपुरी साहित्य अकादमी के स्थानीय संयोजक विवेक द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह के पहले दिन डॉ. मन्नू यादव कृष्ण बनारस और मणिमाला सिंह रीवा द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जाएगी। दोनों कलाकार निर्गुण परंपरा से जुड़े लोक संगीत और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दूसरे दिन 17 मार्च को अंजू भारती लखनऊ तथा उनके साथी कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। इस दौरान निर्गुण गायन की पारंपरिक शैली के माध्यम से भोजपुरी लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
संस्कृति विभाग के संचालक एन पी नामदेव और निदेशक अमित कुमार यादव ने पारंपरिक निर्गुण गायन पर आधारित इस समारोह में अधिक से अधिक लोगों से उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया है।



