पूर्वी सिंहभूम, 21 फरवरी।
जुगसलाई थाना पुलिस ने कुख्यात मनीष सिंह गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जुगसलाई थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरोह के छह-सात सदस्य जुगसलाई और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय हैं तथा व्यवसायियों से रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने गरीब नवाज कॉलोनी के समीप खरकई रेलवे ब्रिज के पास छापेमारी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रौशन सिंह (28) और दीपक सिंह (30) के रूप में हुई है। दोनों जुगसलाई गौशाला नाला रोड क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों संगठित रूप से रंगदारी वसूली की साजिश रच रहे थे।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रौशन सिंह के खिलाफ पहले से जबरन वसूली का मामला दर्ज है, जबकि दीपक सिंह पर मारपीट, जानलेवा हमला, हत्या और आर्म्स एक्ट से जुड़े तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



