डोडा, 07 मार्च।
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले की भदरवाह जिला जेल में शनिवार को एक कैदी के नाम आए पार्सल की जांच के दौरान दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। यह कार्रवाई जेल में आने वाले पार्सलों की नियमित जांच के दौरान की गई।
अधिकारियों के मुताबिक यह पार्सल उस कैदी के लिए भेजा गया था जो पिछले करीब एक महीने से लोक सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत जेल में बंद है। बताया गया कि वह उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के हाजिन क्षेत्र का निवासी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पार्सल दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले से बुक कराया गया था। जांच के दौरान पार्सल में छिपाकर रखे गए दो मोबाइल फोन बरामद हुए, जिन्हें अधिकारियों ने तुरंत जब्त कर लिया।
घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जेल के भीतर मोबाइल फोन पहुंचाने की इस कोशिश में किन-किन लोगों की संलिप्तता रही है।


