हरिद्वार, 23 फरवरी 2026।
हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित तुलसी चौक से दो साल की मासूम बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बच्ची का अपहरण भीख मंगवाने के उद्देश्य से किया था। पुलिस ने बच्ची को अपहरण के करीब चार घंटे बाद ही सुरक्षित बरामद कर लिया था।
19 फरवरी को तुलसी चौक से दो साल की बच्ची के अपहरण की शिकायत सोनी पत्नी स्व. इंद्रपाल द्वारा चौकी मायापुर में दर्ज कराई गई थी, जो मूल रूप से हरदोई जिले की निवासी हैं और वर्तमान में गणेश घाट मायापुर, कोतवाली नगर हरिद्वार में रहती हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने चार घंटे की जांच के बाद बच्ची को देवपुरा क्षेत्र में ऋषिकुल तिराहे के पास लावारिस हालत में बरामद कर लिया।
पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की और आरोपी की पहचान ज्वालापुर के निकट राधाकृष्ण आश्रम क्षेत्र निवासी रवि कुमार के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने देर रात श्रीराम घाट के पास मायापुर क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और भीख मंगवाने के लिए बच्ची का अपहरण किया था। वह बच्ची को लेकर देवपुरा क्षेत्र होते हुए घाट पर रुका था और अगले दिन उसे अन्य शहर ले जाकर भीख मंगवाने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।



