फर्रुखाबाद, 10 फरवरी।
जनपद फर्रुखाबाद के विकासखंड कमालगंज क्षेत्र स्थित जूनियर हाई स्कूल राठौरा महरुपुर बिजल मोहद्दीनपुर में पेट के कीड़ों की दवा पिलाए जाने के बाद 16 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को चक्कर आने और असहजता की शिकायत पर उन्हें तत्काल डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रेम देवी जवाहरलाल स्कूल एक निजी विद्यालय है, जहां मंगलवार को करीब 150 बच्चों को एल्बेंडाजोल दवा दी गई थी। दवा लेने के बाद 16 बच्चों को चक्कर आने लगे, जिन्हें एहतियातन अस्पताल भेजा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि एल्बेंडाजोल दिए जाने पर कभी-कभी इस तरह की हल्की प्रतिक्रिया देखी जाती है और यह गंभीर मामला नहीं है। यह दवा आमतौर पर एक से 16 वर्ष तक के बच्चों को दी जाती है।
वहीं आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि सभी 16 बच्चों की हालत अब सामान्य है। कुछ बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। बच्चों ने केवल चक्कर आने की शिकायत की थी और फिलहाल सभी सुरक्षित हैं।


.jpg)
