07 मार्च, जौनपुर।
शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के बड़ा गांव स्थित मां शांति अस्पताल में शनिवार रात एक महिला की ऑपरेशन के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
शाहगंज क्षेत्र के दिपाईपुर गांव निवासी यशपाल की पत्नी रेखा देवी को बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार रात लगभग 10 बजे उनका ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि स्थिति बिगड़ने के बावजूद अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। स्टाफ ने फोन से चिकित्सक से संपर्क कर एक इंजेक्शन दिया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ और रात करीब तीन बजे रेखा देवी की मौत हो गई।
परिजन आरोप लगा रहे हैं कि ऑपरेशन से पहले जरूरी जांच रिपोर्ट भी पूरी नहीं हुई थी, जिससे गंभीर लापरवाही सामने आती है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद शाहगंज क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान समेत अन्य पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी ने परिजनों को शांत कराया और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मृतका के देवर ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों के खिलाफ लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक महिला के पति खाड़ी देश में नौकरी करते हैं। रेखा देवी की दो बेटियां हैं—प्रतिज्ञा (12 वर्ष) और आराध्या (6 वर्ष)। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।



