यमुनानगर, 27 फरवरी 2026।
कनाडा में सड़क हादसे में यमुनानगर के एक भारतीय छात्र की मौत हो गई, जिससे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक 24 वर्षीय उधम प्रीत सिंह अपने मित्र के साथ टोरांटो की ओर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक से कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार उधम प्रीत सिंह वर्ष 2021 में स्टडी वीजा पर कनाडा गया था और ब्रैम्पटन में रहकर पढ़ाई के साथ नौकरी भी कर रहा था। युवक को काम से दो दिन की छुट्टी मिलने पर वह घूमने के लिए अपने दोस्त के साथ निकला था। दोपहर के समय हाईवे पर सामने से आ रहे ट्रक से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

देर रात हादसे की जानकारी भारत पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन केंद्र और राज्य सरकार से अपील कर रहे हैं कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव को जल्द भारत लाया जाए ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके।
परिजनों ने बताया कि युवक दिसंबर 2025 में घर आया था और माता-पिता की शादी की सिल्वर जुबली में शामिल हुआ था। वह इस वर्ष फिर विदेश लौटने की योजना बना रहा था। हादसे से एक दिन पहले ही उसने परिवार से फोन पर बात की थी, जो अब अंतिम बातचीत बन गई।
परिवार का कहना है कि बेटे के विदेश पढ़ाई और करियर के सपने को पूरा करने के लिए पिता गुरविंद्र सिंह ने अपनी जमीन बेचकर उसे विदेश भेजा था। अब परिवार बेटे के शव को जल्द घर लाने की प्रक्रिया पूरी करने की मांग कर रहा है।


