नई दिल्ली 25 फरवरी 2026।
भारत मंडपम में आयोजित भारतीय युवा कांग्रेस के शर्टलेस विरोध प्रदर्शन मामले में दिल्ली पुलिस ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई हाल ही में हुए इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के विरोध प्रदर्शन से जुड़े मामले में की गई है। इस प्रकरण में पहले ही सात अन्य लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, उदय भानु चिब को एक दिन पहले तिलक मार्ग थाने में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों और उपलब्ध सबूतों के आधार पर उनकी भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर गिरफ्तारी की गई। इस कार्रवाई के बाद अब तक इस मामले में कुल आठ लोगों को पकड़ा जा चुका है। इससे पहले पुलिस ने ग्वालियर से जितेंद्र यादव को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच साजिश के कोण से भी कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि विरोध प्रदर्शन की पूर्व योजना, इसमें शामिल लोगों की भूमिका और संगठनात्मक स्तर पर की गई तैयारियों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि कार्रवाई सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। इस बीच पटियाला हाउस कोर्ट ने इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल को सौंप दी है। पुलिस का कहना है कि इस घटना में देश के अलग-अलग क्षेत्रों के लोग शामिल हो सकते हैं।



