चतरा, 02 मार्च।
डुमरिया (बिहार) से रायपुर (छत्तीसगढ़) जा रही एक स्लीपर बस झारखंड के चतरा जिले में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा चतरा-डोभी मुख्य मार्ग पर मोरैंवा टोल प्लाजा से लगभग एक किलोमीटर पहले एनएच-22 पर हुआ। बस (सीजी 13 क्यू 0805) का अगला टायर अचानक फट गया, जिससे चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज गति में थी। यात्री अनुज कुमार ने बताया कि घाटी क्षेत्र में प्रवेश करते ही बस का टायर फट गया और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे में करीब 12 लोग घायल हुए, जिनमें से कई के हाथ-पैर में फ्रैक्चर की आशंका है।
प्रशासन ने बताया कि किसी यात्री की मौत नहीं हुई। गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को चतरा सदर अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि एक घायल को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग मेडिकल अस्पताल भेजा गया। घायलों में जहानाबाद के राकेश कुमार, गयाजी जिले के रंधीर कुमार, डुमरिया के संजीत कुमार, चतरा के सुजीत कुमार, बगरा के कमलेश कुमार और जोरी के अमृत कुमार शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
बस डुमरिया से दोपहर 1:30 बजे रवाना हुई थी और रानीगंज, शेरघाटी, डोभी व चतरा होते हुए अपने मार्ग पर जा रही थी। हादसे के समय बस अपने निर्धारित रूट पर ही थी।
चतरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि क्रेन से पलटी बस को सीधा करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि मार्ग पर यातायात सामान्य किया जा सके। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और प्रशासन ने घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है।



