देहरादून, 10 मार्च।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूसरे कार्यकाल के चार साल में प्रदेश में 819 पंचायत भवनों का निर्माण और पुनर्निर्माण किया गया है।
मंगलवार को विभागीय मंत्री सतपाल महाराज ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान बताया कि प्रदेश में कुल 5867 पंचायत भवन हैं। इनमें से 1134 पंचायत भवन लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण स्थिति में थे। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंचायतीराज विभाग को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर जीर्ण-शीर्ण भवनों का पुनर्निर्माण किया जाए। इसके बाद बीते चार वर्ष में विभाग ने 819 पंचायत भवनों का निर्माण-पुनर्निर्माण कर लिया है। शेष भवनों पर भी कार्य जारी है।
प्रदेश में लोकनिर्माण विभाग ने नवंबर के प्रथम सप्ताह तक सात हजार से अधिक किलोमीटर लंबी सड़कों को गड्डामुक्त कर दिया है। विधानसभा में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत वर्ष 2025-26 में मानसून से पूर्व 3134 किमी सड़कों को गड्डामुक्त किया गया। मानसून के बाद 10 नवंबर 2025 तक 4149.17 किमी लंबी सड़कों को गड्डामुक्त किया गया। इसमें अकेले हरिद्वार जनपद में 313 किमी से अधिक लंबी सड़कों को गड्डामुक्त किया गया।
रोपवे परियोजनाओं पर काम तेज
प्रदेश में विभिन्न तीर्थ स्थलों को रोपवे से जोड़ने की प्रक्रिया भी गतिमान है। पर्यटन मंत्री ने मंगलवार को विधानसभा में बताया कि विभाग ने कद्दूखाल से सुरकंडा देवी मंदिर तक पीपीपी मोड में रोपवे संचालन शुरू कर दिया है। इसके अलावा जनपद चम्पावत में ठुलीगाड़ से पूर्णागिरी रोपवे भी पीपीपी मोड में निर्माणाधीन है। उत्तरकाशी में जानकी चट्टी से यमुनोत्री मंदिर तक रोपवे पीपीपी मोड में विकसित किया जा रहा है। इसी तरह गौरीकुंड से केदारनाथ धाम और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक रोपवे निर्माण की प्रक्रिया जारी है।


