भोपाल, 11 मार्च।
मध्य प्रदेश स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) की शिवपुरी इकाई और केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि सीबीआई ने एसटीएसएफ के सहयोग से मिश्रीलाल माहौर पुत्र ख्याली राम माहौर, निवासी गोहद जिला भिण्ड को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्वालियर की परमासीस ईस्ट कॉलोनी के पास घेराबंदी कर संयुक्त कार्रवाई के दौरान पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने चंबल नदी में पाई जाने वाली अत्यंत दुर्लभ प्रजाति के वन्य जीव टर्टल्स और रेड क्राउन रूफ टर्टल की बड़े पैमाने पर विदेशों में तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा किया था। इस मामले में 5 मई 2017 को वन अपराध का प्रकरण दर्ज किया गया था।
इस प्रकरण में देश के चार राज्यों से कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें 11 विदेशी नागरिक भी शामिल थे। बाद में इस मामले को आगे की जांच के लिए सीबीआई को सौंप दिया गया था। सीबीआई ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन अन्य आरोपियों को भी पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।



