नई दिल्ली, 10 फरवरी।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओम प्रकाश के रूप में हुई है, जो पश्चिम विहार थाने में तैनात था।
सीबीआई ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में सात फरवरी को मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एएसआई ओम प्रकाश ने शिकायतकर्ता के भाई को जमानत दिलाने में मदद के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। साथ ही, रकम न देने पर उसे अन्य मामलों में फंसाने की धमकी भी दी गई थी।
शिकायत के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाया और उसी दिन आरोपी को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
सीबीआई के अनुसार, मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।



