ग्वालियर, 28 फरवरी।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में ग्वालियर जिला प्रशासन की पहल निरंतर आगे बढ़ रही है। “शक्ति दीदी” नवाचार के तहत शनिवार को जिले की छह जरूरतमंद महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
जिले में इस योजना के अंतर्गत पहले से 95 महिलाएं सफलतापूर्वक कार्य कर रही हैं। जनसंपर्क अधिकारी हितेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि कलेक्टर रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर महिलाओं को औपचारिक रूप से “शक्ति दीदी” की जिम्मेदारी सौंपेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार, कलेक्टर दोपहर 12 बजे डबरा रेस्ट हाउस स्थित गुप्ता पेट्रोल पंप पर रजिया खान और आरती जाटव को नियुक्ति सौंपेंगी। कलेक्ट्रेट के सामने स्थित संस्कृति फिलिंग स्टेशन पर कशिश जाटव को जिम्मेदारी दी जाएगी। वहीं जैन मोटर्स कम्पू पर हेमलता और कंचन तथा रायरू स्थित कैप्टन उपाध्याय फिलिंग स्टेशन पर लाली देवी को फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में कार्यभार सौंपा जाएगा।
यह पहल जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



