07 मार्च, धर्मशाला।
चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर डॉ. जी.सी. नेगी पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं के योगदान को सम्मान देना और विद्यार्थियों को महिला सशक्तिकरण तथा लैंगिक समानता के प्रति जागरूक करना था।
कुलपति प्रो. डॉ. अशोक कुमार पांडा ने अपने संबोधन में कहा कि पशु चिकित्सा, कृषि, अनुसंधान और प्रशासन में महिलाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने ग्रामीण आजीविका और पशुधन विकास में महिलाओं के योगदान पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को समानता, समर्पण और पेशेवर उत्कृष्टता अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में आईपीएस अधिकारी और महाविद्यालय की पूर्व छात्रा डॉ. तरुणा कमल ने अतिथि व्याख्यान दिया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अपराध, साइबर सुरक्षा और धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए कविता पाठ, गायन और नारा लेखन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समानता पर विचार प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. पल्लवी भारद्वाज ने बताया कि विद्यार्थियों ने रचनात्मक तरीके से महिलाओं की भूमिका और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया।



