07 मार्च, धर्मशाला।
चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर के डॉ. जी.सी. नेगी पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय में शल्य चिकित्सा के प्रोफेसर और टीचिंग वेटरिनरी क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष डॉ. आदर्श कुमार को “पीएलआरसी राष्ट्रीय वेट उत्कृष्टता पुरस्कार–2026” से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार पीएडब्ल्यूएस लर्निंग एंड रिसर्च काउंसिल, भारत द्वारा पशुचिकित्सा विज्ञान और पशु कल्याण में उनके योगदान, समर्पण और संवेदनशील सेवा को मान्यता देने के लिए प्रदान किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक कुमार पांडा ने डॉ. आदर्श कुमार को बधाई दी और कहा कि यह पुरस्कार पशुचिकित्सा शिक्षा और क्लीनिकल प्रैक्टिस को आगे बढ़ाने में उनके अथक प्रयासों का सम्मान है। विशेष रूप से पशु दंत चिकित्सा (Veterinary Dentistry) के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि युवाओं को पशु स्वास्थ्य सेवा, अनुसंधान और नवाचार में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।
डॉ. आदर्श कुमार को क्लीनिकल शिक्षण, अनुसंधान और संस्थागत विकास में उनके योगदान के लिए विशेष रूप से सराहा गया। चयन समिति ने उनकी उन्नत एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर, डायग्नोस्टिक इमेजिंग, सॉफ्ट टिश्यू सर्जरी और पशु दंत चिकित्सा में विशेषज्ञता की प्रशंसा की। इसके अतिरिक्त, वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर वक्ता और शिक्षक के रूप में भी सक्रिय योगदान दे रहे हैं।



