नई दिल्ली, 17 फरवरी।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मंगलवार को भारत यात्रा पर मुंबई पहुंचे। 19 फरवरी तक जारी रहने वाली इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों मंगलवार को द्विपक्षीय बैठक करेंगे और भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026 का शुभारंभ करेंगे। यह मैक्रों की चौथी भारत यात्रा है।
फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों और प्रथम महिला ब्रिजिट मैक्रों का मुंबई पहुंचने पर महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने फ्रांस के राष्ट्रपति के दौरे पर स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा की और बताया कि इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी और दोनों नेता नवाचार वर्ष 2026 का शुभारंभ करेंगे। यह यात्रा भारत-फ्रांस की सक्रिय रणनीतिक साझेदारी को और गति देगी।
राष्ट्रपति मैक्रों ने भी अपनी भारत यात्रा को सोशल मीडिया पर साझा कर इसे अहम बताया।
उनकी भारत यात्रा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राष्ट्रपति मैक्रों और प्रधानमंत्री मोदी संयुक्त रूप से इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेंगे। दोनों नेता भारत-फ्रांस नवाचार फोरम के तहत नवाचार, स्टार्ट-अप सहयोग, उच्च शिक्षा और अनुसंधान में संयुक्त परियोजनाओं पर ठोस फैसले कर सकते हैं।
साथ ही 114 राफेल लड़ाकू विमानों का मेगा रक्षा सौदा भी संभव है, जिसे रक्षा अधिग्रहण परिषद (डीएसी) से हाल ही में मंजूरी मिली है। दोनों नेता संयुक्त रूप से कर्नाटक के वेमगल में टाटा एयरबस की एच125 लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर (एलयूएच) की फाइनल असेंबली लाइन का उद्घाटन करेंगे। उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में फ्रांस हमेशा से भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन करता रहा है।



