राजनीति
09 Mar, 2026

मोदी बोले- जन आकांक्षाओं की पूर्ति सरकार का मूल संकल्प

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन और संस्कृति क्षेत्रों में सुधार और निवेश से देश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करना सरकार का संकल्प है।

नई दिल्ली, 09 मार्च।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि देश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करना उनकी सरकार का मूल संकल्प है और शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल तथा संस्कृति जैसे क्षेत्र इन आकांक्षाओं को साकार करने के प्रमुख माध्यम हैं। उन्होंने शिक्षा प्रणाली को वास्तविक अर्थव्यवस्था से जोड़ने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं ऑटोमेशन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास – जन आकांक्षाओं की पूर्ति’ विषय पर आयोजित बजट के बाद की वेबिनार शृंखला की चौथी कड़ी को संबोधित कर रहे थे। वेबिनार में विभिन्न मंत्रालयों, विभागों के अधिकारी, निजी क्षेत्र के विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता की आकांक्षाओं को पूरा करना केवल एक विषय नहीं, बल्कि सरकार के बजट का मूल उद्देश्य और संकल्प है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल और संस्कृति में किए जा रहे निवेश और सुधार देश के विकास को नई दिशा देंगे। इन क्षेत्रों से युवाओं के अवसर बढ़ेंगे और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

स्वास्थ्य क्षेत्र का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल उपचार आधारित व्यवस्था नहीं है, बल्कि व्यापक और निवारक स्वास्थ्य प्रणाली का निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि देश के सैकड़ों जिलों में नए मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं और आयुष्मान भारत योजना एवं आरोग्य मंदिरों के माध्यम से आम नागरिकों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाई गई है। उन्होंने ‘केयर इकॉनमी’ के महत्व का उल्लेख करते हुए प्रशिक्षित देखभाल कर्मियों की बढ़ती मांग पर ध्यान देने की आवश्यकता जताई।

डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं पर उन्होंने कहा कि टेली-मेडिसिन दूरदराज क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन इन्हें और अधिक सरल बनाने और जन जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है।

शिक्षा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं की बदलती सोच और ऊर्जा देश की सबसे बड़ी ताकत है। नई शिक्षा नीति के माध्यम से शिक्षा को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने शिक्षा को वास्तविक अर्थव्यवस्था और बाजार की मांग से जोड़ने, और कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऑटोमेशन एवं डिजिटल अर्थव्यवस्था में पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण मजबूत करने पर जोर दिया।

उन्होंने एवीजीसी (एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स) क्षेत्र का उल्लेख किया और शैक्षणिक संस्थानों से अपने परिसरों को उद्योग सहयोग और अनुसंधान आधारित शिक्षण केंद्र बनाने का आह्वान किया। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित में महिला भागीदारी पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और भविष्य की तकनीकों में बेटियों को समान अवसर देने की प्रतिबद्धता जताई।

खेलों के महत्व पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ और अनुशासित युवा किसी भी राष्ट्र की शक्ति का आधार हैं। ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम के माध्यम से छोटे शहरों और दूरदराज क्षेत्रों से प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए युवा खिलाड़ियों को तैयार करने और खेल संगठनों को पेशेवर बनाने तथा वित्तीय सहायता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने नए पर्यटन केंद्रों के विकास पर ध्यान देने की आवश्यकता जताई। उन्होंने प्रशिक्षित गाइड, बेहतर आतिथ्य कौशल, डिजिटल कनेक्टिविटी और स्थानीय समुदाय की भागीदारी को महत्वपूर्ण स्तंभ बताया और स्वच्छता व टिकाऊ विकास को प्राथमिकता देने पर बल दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि संस्थानों, उद्योग और शिक्षाविदों के बीच बेहतर समन्वय से देश की प्रगति और तेज होगी और वेबिनार में हुई चर्चाएं भविष्य के लिए ठोस मार्गदर्शन प्रदान करेंगी तथा विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करने में सहायक होंगी।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़

तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में तैनात किए छह एफ-16 विमान

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के बीच तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में छह एफ-16 लड़ाकू विमान और वायु रक्षा प्रणाली तैनात कर इलाके की सुरक्षा मज़बूत की है।

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता ज्वाला ने जन्म दिए पांच शावक

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में नामीबियाई मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को जन्म देकर भारत में चीतों की संख्या 53 कर दी।

पश्चिम एशिया संकट से रुपये का दबाव, 92.35 पर पहुंची मुद्रा

पश्चिम एशिया में तनाव और कच्चे तेल की तेजी के कारण रुपये डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 92.35 पर पहुंच गया।

कर्तव्य पथ पर ‘शी लीड्स भारत’ शक्ति वॉक, 3000 महिलाएं लेंगी भाग

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के सशक्तिकरण और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए कर्तव्य पथ पर शक्ति वॉक का आयोजन होगा।

19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी रामलला के दर्शन, राम मंदिर निर्माण का अधिकांश कार्य पूरा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को राम मंदिर में दर्शन करेंगी और मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की विशेष योजना बनाई गई है।