शिमला, 07 मार्च।
न्यू शिमला के रिहायशी इलाके में शुक्रवार दोपहर एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पड़ोसियों ने लंबे समय तक दरवाजा न खोलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में फ्लैट का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया, जहाँ प्रवेश कुमार का शव पड़ा मिला।
पुलिस के अनुसार यह घटना सेक्टर-04, ब्लॉक-50, न्यू शिमला की है। जानकारी के मुताबिक व्यक्ति लंबे समय से अकेला रह रहा था और कई बार पड़ोसियों ने आवाज लगाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं पाई। चिंता के बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गवाहों की उपस्थिति में फ्लैट का दरवाजा खोला। अंदर पहुंचने पर 50 वर्षीय प्रवेश कुमार पुत्र बिहारी लाल का शव मिला। उनकी पहचान गांव और डाकघर थुरल, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के निवासी के रूप में हुई। वे न्यू शिमला के इस फ्लैट में अकेले रह रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रवेश कुमार बिजली विभाग में अधिशासी अभियंता के पद से सेवानिवृत्त थे। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार वे पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे और एंग्जायटी की दवाइयां ले रहे थे।
बताया गया कि उनकी पत्नी का वर्ष 2021 में निधन हो चुका था और उनकी कोई संतान नहीं थी। इसी वजह से वे अकेले रह रहे थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शिमला भेजा। शव को अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है और पोस्टमार्टम शनिवार को किया जाएगा।
प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों और आसपास के लोगों ने किसी प्रकार का संदेह नहीं जताया। पुलिस ने कहा कि मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
मौके का निरीक्षण वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी किया और जांच से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।


