सिरसा, 09 मार्च।
सिरसा जिले के ऐलनाबाद क्षेत्र में विवाह समारोह में भाग लेने आए एक व्यक्ति ने पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सोमवार सुबह मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले निवासी गुरविंद्र सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि गुरविंद्र सिंह ऐलनाबाद में रिश्तेदारी में आयोजित विवाह समारोह में परिवार के साथ शामिल होने आया था।
रविवार दोपहर को गुरविंद्र सिंह घर से अचानक गायब हो गया था। उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नहर किनारे पेड़ पर फंदा लगाकर लटकता हुआ एक व्यक्ति देखा और परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी।
परिजनों ने मृतक की पहचान गुरविंद्र सिंह के रूप में की। उन्होंने बताया कि यह विवाह समारोह उनके बुआ निर्मल कौर के बेटे की शादी का था, जिसमें मृतक भी भाग लेने आया हुआ था। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव को नागरिक अस्पताल भिजवाया।



