पटना, 9 मार्च 2026।
बिहार में हर्ष फायरिंग की घटनाओं पर पुलिस की सख्त पाबंदी और लगातार कानूनी कार्रवाइयों के बावजूद कुछ रसूखदार लोग कानून को ठेंगा दिखाने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां सत्ता से जुड़े एक व्यक्ति द्वारा खुलेआम नियम-कानून की अवहेलना की गई।
नगर निगम के वार्ड संख्या 45 के पार्षद शिव कुमार महतो के भाई सोनू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो किसी शादी समारोह का बताया जा रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि चारों तरफ बैंड-बाजे की ध्वनि है और लोग उत्सव के माहौल में शामिल हैं। इसी बीच, भीड़ में मौजूद युवक, जिसकी पहचान वार्ड पार्षद के भाई सोनू के रूप में की जा रही है, हाथ में हथियार लेकर लगातार हवाई फायरिंग करता दिख रहा है।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि युवक बिना किसी भय के भीड़ भरे इलाके में हथियार लहरा रहा है। हालांकि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन वहां मौजूद लोगों और मेहमानों में दहशत का माहौल देखा गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे। वायरल वीडियो ने मुजफ्फरपुर पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर डीएसपी सुरेश कुमार ने तुरंत संज्ञान लिया। नगर डीएसपी ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से हर्ष फायरिंग का वीडियो उनके संज्ञान में आया है।
उन्होंने संबंधित थाना अध्यक्ष को वायरल वीडियो का सत्यापन करने और आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस वीडियो की बारीकी से जांच कर रही है।
डीएसपी ने कहा कि वीडियो सत्यापन के बाद कानून के सुसंगत धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। हर्ष फायरिंग किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है और जो भी इसमें संलिप्त पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।



