अहमदाबाद, 09 मार्च।
आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में न्यूज़ीलैंड को हराकर भारतीय क्रिकेट टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस शानदार उपलब्धि के बाद टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, मुख्य कोच गौतम गंभीर और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष जय शाह अहमदाबाद स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में भगवान के दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कप्तान सूर्यकुमार यादव के हाथ में चमकती हुई विश्व कप ट्रॉफी नजर आ रही है। जीत की खुशी के बीच सूर्यकुमार यादव, जय शाह और मुख्य कोच गौतम गंभीर ने मंदिर में पहुंचकर हनुमान जी के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। टीम की इस सादगी और आस्था को देखकर प्रशंसकों ने भी उनकी सराहना की है।
टी-20 विश्व कप जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल बना हुआ है। वहीं टीम के कप्तान और अन्य अधिकारियों द्वारा मंदिर में जाकर आशीर्वाद लेने की तस्वीरें और वीडियो भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गए हैं।
गौरतलब है कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार और कुल तीसरी बार टी-20 विश्व कप ट्रॉफी जीती है। इससे पहले वर्ष 2024 में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर यह खिताब हासिल किया था। इसी के साथ भारत टी-20 विश्व कप के इतिहास में सबसे अधिक तीन बार खिताब जीतने वाली टीम बन गया है




