नई दिल्ली, 03 मार्च 2026।
टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होने के बाद भी वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीमें भारत से अपने देश नहीं लौट सकीं हैं। मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के चलते कई देशों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है, जिससे उनकी स्वदेश वापसी फिलहाल टल गई है।
वेस्टइंडीज को रविवार को मेजबान भारत के खिलाफ पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, जिसके कारण वह सेमीफाइनल में जगह बनाने में असफल रहा। वहीं जिम्बाब्वे की टीम सुपर 8 चरण में अपने तीनों मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण खाड़ी क्षेत्र के कई देशों में हजारों उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसका असर दुनिया के व्यस्त ट्रांजिट हब पर पड़ा है और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन बाधित हुआ है।
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, “जिम्बाब्वे पुरुष टीम भारत में सुरक्षित है। टीम की वापसी दुबई के रास्ते निर्धारित थी, लेकिन मौजूदा हालात के कारण यात्रा स्थगित कर दी गई है।”
वहीं क्रिकेट वेस्टइंडीज ने जानकारी दी कि वह खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के साथ समन्वय कर रहा है।
दुबई स्थित मुख्यालय वाली आईसीसी ने पहले ही अपने कर्मचारियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने की बात कही थी, क्योंकि कई अधिकारी दुबई मार्ग से अपने-अपने देशों को लौटने वाले थे।
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने अपने बयान में दोहराया, “हमारे खिलाड़ियों, कोचों और अधिकारियों की सुरक्षा और कुशलक्षेम हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”



