नई दिल्ली, 09 मार्च।
टी20 विश्व कप में मिली ऐतिहासिक जीत पर सोमवार को राज्यसभा में भारतीय टीम को बधाई दी गई।
सभापति सीपी राधाकृष्णन ने राज्यसभा सदस्यों की ओर से विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह देश के लिए गर्व की बात है कि भारतीय टीम ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप का खिताब जीत लिया है। फाइनल में अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।
राधाकृष्णन ने बताया कि यह तीसरी बार है जब भारत ने यह टूर्नामेंट अपने नाम किया है और लगातार दूसरी बार टीम ने यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि भारत पहली बार अपनी मेजबानी में टी20 विश्व कप का विजेता बना है।
उन्होंने सदन की ओर से भारतीय टीम के खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और भारतीय क्रिकेट से जुड़े सभी लोगों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और उनके आने वाले वर्षों में निरंतर सफलता की कामना की।



