नई दिल्ली, 09 मार्च।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और हवाई क्षेत्र पर पाबंदियों के बीच दिल्ली से मैनचेस्टर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई033 को इथियोपिया सीमा के पास पहुंचते ही वापस दिल्ली लौटना पड़ा। इस घटना से विमान में सवार यात्रियों में खलबली मच गई, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
फ्लाइटराडार24 की वेबसाइट के मुताबिक यह उड़ान सोमवार सुबह दिल्ली से मैनचेस्टर के लिए रवाना हुई थी। विमान ने अदन की खाड़ी और अफ्रीका होते हुए एक असामान्य दक्षिणी मार्ग अपनाया था। करीब सात घंटे की उड़ान के बाद सुरक्षा कारणों से इसे इथियोपिया-एरिट्रिया सीमा के पास वापस मोड़ना पड़ा।
इंडिगो एयरलाइन ने बताया कि पिछले साल मुंबई-मैनचेस्टर रूट पर लंबी दूरी की पहली उड़ान शुरू की थी और नवंबर से दिल्ली-मैनचेस्टर के बीच सीधी उड़ानें भी संचालित हो रही हैं। दिल्ली-मैनचेस्टर की दूरी 6,829 किलोमीटर है और औसत उड़ान समय लगभग 11 घंटे का है।

इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा कि पश्चिम एशिया और उसके आसपास बदलते हालात के कारण कुछ उड़ानों को लंबा मार्ग अपनाना पड़ सकता है या उनका मार्ग बदलना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया में हालात के कारण अंतिम समय में हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगे, जिसके चलते फ्लाइट 6ई033 को अपने मूल स्थान पर लौटना पड़ा और कंपनी संभावित नई उड़ानों की व्यवस्था कर रही है।



