09 मार्च 2026, नई दिल्ली
वैश्विक बाजारों से आज भारी गिरावट के संकेत मिल रहे हैं। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के कारण दुनियाभर के शेयर बाजारों में घबराहट का माहौल बना हुआ है। अमेरिका से लेकर यूरोप और एशिया तक लगभग सभी प्रमुख बाजारों में बिकवाली का दबाव देखने को मिल रहा है।
अमेरिकी बाजारों में गिरावटपिछले कारोबारी सत्र के दौरान अमेरिकी शेयर बाजार में लगातार दबाव बना रहा। निवेशकों में बढ़ती अनिश्चितता के कारण वॉल स्ट्रीट के प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए।
एस एंड पी 500 सूचकांक 90.69 अंक यानी 1.33 प्रतिशत गिरकर 6,740.02 अंक पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक सूचकांक 348.72 अंक यानी 1.53 प्रतिशत टूटकर 22,400.27 अंक पर पहुंच गया। इसके अलावा डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में भी तेज गिरावट का रुख बना हुआ है और यह 1,082.35 अंक यानी 2.28 प्रतिशत कमजोर होकर 46,419.20 अंक के आसपास कारोबार करता दिखाई दे रहा है।
यूरोपीय बाजारों में भी दबावयूरोप के प्रमुख शेयर बाजारों में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली देखने को मिली।
एफटीएसई सूचकांक 129.19 अंक यानी 1.26 प्रतिशत गिरकर 10,284.75 अंक पर बंद हुआ। वहीं सीएसी सूचकांक 0.65 प्रतिशत कमजोर होकर 7,993.49 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके अलावा डीएएक्स सूचकांक 224.72 अंक यानी 0.95 प्रतिशत टूटकर 23,591.03 अंक पर पहुंच गया।
एशियाई बाजारों में चौतरफा बिकवालीआज एशिया के बाजारों में भी भारी कमजोरी दिखाई दे रही है। क्षेत्र के लगभग सभी प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।
दक्षिण कोरिया के बाजार में तेज गिरावट के कारण कोस्पी सूचकांक शुरुआती कारोबार में ही करीब 8 प्रतिशत तक टूट गया, जिसके चलते बाजार में सर्किट ब्रेकर लागू करना पड़ा और लगभग 20 मिनट के लिए कारोबार रोक दिया गया। यह इस महीने दूसरी बार है जब कोस्पी सूचकांक लोअर सर्किट का शिकार हुआ है।
ट्रेडिंग दोबारा शुरू होने के बाद भी बाजार में खास सुधार नहीं दिखा और कुछ समय की हल्की रिकवरी के बाद फिर से गिरावट तेज हो गई। फिलहाल कोस्पी सूचकांक 427.21 अंक यानी 8.28 प्रतिशत गिरकर 5,157.66 अंक के आसपास कारोबार कर रहा है।
अन्य एशियाई बाजारों की स्थितिएशिया के अन्य प्रमुख बाजारों में भी गिरावट का रुख बना हुआ है।
गिफ्ट निफ्टी 761.50 अंक यानी 3.20 प्रतिशत गिरकर 23,812.50 अंक पर कारोबार कर रहा है।स्ट्रेट्स टाइम्स सूचकांक 130.88 अंक यानी 2.77 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,717.37 अंक पर पहुंच गया है।
जापान के बाजार में भी तेज गिरावट दर्ज की गई है, जहां निक्केई सूचकांक 3,865.84 अंक यानी 6.95 प्रतिशत टूटकर 51,755 अंक के स्तर पर आ गया है।
इसी तरह ताइवान वेटेड सूचकांक 1,726.75 अंक यानी 5.42 प्रतिशत गिरकर 31,872.79 अंक पर कारोबार कर रहा है।सेट कंपोजिट सूचकांक 4.38 प्रतिशत फिसलकर 1,351.14 अंक पर पहुंच गया है।जकार्ता कंपोजिट सूचकांक 266.91 अंक यानी 3.65 प्रतिशत गिरकर 7,318.78 अंक पर कारोबार कर रहा है।
इसके अलावा हैंग सेंग सूचकांक 690.29 अंक यानी 2.75 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,067 अंक पर और शंघाई कंपोजिट सूचकांक 1.14 प्रतिशत कमजोर होकर 4,077.68 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के कारण वैश्विक वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है, जिसका असर दुनियाभर के शेयर बाजारों पर साफ दिखाई दे रहा है।



