नई दिल्ली, 09 मार्च।
संसद का बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हुआ और विपक्षी दलों ने संसद परिसर में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का मुख्य कारण पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव को लेकर भारत की ऊर्जा सुरक्षा और अन्य मुद्दों पर सरकार की चुप्पी थी।
विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, सांसद प्रियंका गांधी, किशोरी लाल शर्मा सहित अन्य विपक्षी सांसद शामिल थे। सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान विपक्षी सांसदों ने हाथों में बड़े पोस्टर और बैनर पकड़े हुए थे, जिन पर सरकार के खिलाफ नारे लिखे गए थे। विरोध प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने जोरदार नारेबाजी भी की, जिससे संसद परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना।



