नई दिल्ली, 09 मार्च 2026।
संसद के केंद्रीय बजट सत्र का दूसरा चरण आज शुरू हो रहा है और यह दो अप्रैल तक चलेगा। पहले दिन लोकसभा में अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को सदन में पेश किया जाएगा। इस प्रस्ताव को विपक्षी सांसद मोहम्मद जावेद, के. सुरेश और डॉ. मल्लू रवि प्रस्तुत करेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने नौ और 10 मार्च के लिए सदस्यों को उपस्थित रहने का व्हिप जारी किया है, वहीं कांग्रेस ने भी 09-11 मार्च तक सदन में सभी सदस्यों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए व्हिप जारी किया है।
पिछले महीने बजट सत्र के पहले चरण में विपक्ष ने लोकसभा महासचिव को अविश्वास प्रस्ताव सौंपा था। इसमें लोकसभा अध्यक्ष पर पक्षपातपूर्ण तरीके से कार्य करने का आरोप लगाया गया और उन्हें हटाने की मांग की गई। इस प्रस्ताव पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, डीएमके, वामपंथी दल और अन्य दलों के 118 सांसदों ने हस्ताक्षर किए थे।
आज की चर्चा के दौरान ओम बिरला सदन में सत्तापक्ष के सांसदों के साथ मौजूद रहकर आरोपों का जवाब देंगे। सदन की कार्यवाही उपाध्यक्ष या पैनल ऑफ चेयरपर्सन के सदस्यों द्वारा संचालित की जाएगी। फिलहाल लोकसभा में उपाध्यक्ष का पद खाली है, इसलिए पैनल में शामिल सांसद ही कार्यवाही का संचालन करेंगे।
इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने भी विपक्ष के प्रस्ताव को समर्थन देने की घोषणा की है। नियमों के अनुसार स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव लोकसभा में साधारण बहुमत से पारित होता है, जबकि मौजूदा लोकसभा में एनडीए के पास करीब 290 से अधिक सांसदों का समर्थन है।



