आसनसोल, 09 मार्च।
पश्चिम बंगाल में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में सोमवार दोपहर माइनॉरिटी कांग्रेस के जिला नेताओं ने पश्चिम बर्दवान जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
माइनॉरिटी कांग्रेस के जिला कमेटी नेता फिरोज खान ने कहा कि कई इलाकों में एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के नाम कट गए हैं, जबकि कई नाम अभी भी विचाराधीन स्थिति में हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अनियमितताओं को रोकने में विफलता रही, तो लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और 2026 विधानसभा चुनाव की निष्पक्षता पर भी सवाल उठ सकता है।
फिरोज खान ने यह भी कहा कि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस चुनाव बहिष्कार जैसे कठोर कदम उठाने पर विचार कर सकती है।
इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आसनसोल कल्याणपुर हाउसिंग स्थित डीएम कार्यालय के सामने करीब एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन में प्रदेश कमेटी के नेता प्रसनजीत पुईतुंडी और माइनॉरिटी कांग्रेस के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल थे।



