पश्चिम बंगाल
09 Mar, 2026

चंद्रिमा भट्टाचार्य का आरोप - आयोग ने बैठक में डांटकर चुप कराया

पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग की पूर्ण पीठ और राजनीतिक दलों की बैठक के बाद तृणमूल कांग्रेस की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि उन्हें बैठक में डांटकर चुप रहने को कहा गया।

कोलकाता, 09 मार्च।

पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच चुनाव आयोग की पूर्ण पीठ और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक के बाद तृणमूल कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राज्य की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने दावा किया कि बैठक के दौरान उन्हें डांटकर चुप रहने को कहा गया, जिससे वह बेहद असंतुष्ट हैं।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि जब उन्होंने अपनी बात रखनी चाही तो मुख्य चुनाव आयुक्त ने उन्हें “डोंट शाउट” कहकर रोक दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह व्यवहार महिलाओं के प्रति सम्मान की कमी को दर्शाता है। उनका कहना था कि मतदाता सूची में किसी महिला का नाम गायब होने की जिम्मेदारी आयोग की है, न कि लोगों को लाइन में खड़े होकर अपनी नागरिकता साबित करनी चाहिए।

तृणमूल के प्रतिनिधिमंडल में मौजूद कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने यह धारणा बना दी है कि पश्चिम बंगाल रोहिंग्या और घुसपैठियों का ठिकाना है, जिसके आधार पर आयोग ने नीतियां बनाई हैं। हकीम ने आरोप लगाया कि नागरिकता सत्यापन से जुड़ी प्रक्रिया में आम लोगों को अनावश्यक परेशान किया जा रहा है और कई लोग घंटों लाइन में खड़े होने को मजबूर हैं।

हकीम ने कहा कि बीते दो महीनों की प्रक्रिया में घुसपैठ के ठोस प्रमाण सामने नहीं आए, लेकिन भारतीय नागरिकों को ही परेशान किया गया। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया के कारण कई लोग बीमार पड़े और कई मौतें भी हुई हैं। उन्होंने आयोग से अपील की कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी भारतीय नागरिक अपने अधिकारों से वंचित न हो।

दूसरी ओर, बैठक के बाद कांग्रेस नेता प्रदीप भट्टाचार्य ने कहा कि उनकी पार्टी का मुख्य मुद्दा चुनाव की निष्पक्षता और सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि चुनाव एक चरण में हो या कई चरणों में, इससे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि मतदान निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से कराया जाए।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर चुनाव आयोग की पूर्ण पीठ राज्य में राजनीतिक दलों और प्रशासन के साथ बैठक कर रही है, जिसमें चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़

तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में तैनात किए छह एफ-16 विमान

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के बीच तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में छह एफ-16 लड़ाकू विमान और वायु रक्षा प्रणाली तैनात कर इलाके की सुरक्षा मज़बूत की है।

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता ज्वाला ने जन्म दिए पांच शावक

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में नामीबियाई मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को जन्म देकर भारत में चीतों की संख्या 53 कर दी।

पश्चिम एशिया संकट से रुपये का दबाव, 92.35 पर पहुंची मुद्रा

पश्चिम एशिया में तनाव और कच्चे तेल की तेजी के कारण रुपये डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 92.35 पर पहुंच गया।

कर्तव्य पथ पर ‘शी लीड्स भारत’ शक्ति वॉक, 3000 महिलाएं लेंगी भाग

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के सशक्तिकरण और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए कर्तव्य पथ पर शक्ति वॉक का आयोजन होगा।

19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी रामलला के दर्शन, राम मंदिर निर्माण का अधिकांश कार्य पूरा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को राम मंदिर में दर्शन करेंगी और मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की विशेष योजना बनाई गई है।