कोलकाता, 02 मार्च।
भारतीय क्रिकेट टीम ने रोमांच से भरपूर मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से पराजित करते हुए सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर लिया। दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बाद भारत अंतिम चार में पहुंचने वाली चौथी टीम बना। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह छठा अवसर है जब भारत ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है।
कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 195 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 4 गेंद बाकी रहते 196 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने ईडन गार्डन्स में टी20 क्रिकेट का सबसे बड़ा सफल रन चेज दर्ज कर नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया। इससे पहले यहां 158 रन का सर्वोच्च चेज दर्ज था।
सैमसन की जिम्मेदार पारीशीर्ष क्रम के बल्लेबाज कप्तान सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के जल्दी आउट होने के बाद संजू सैमसन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 97 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। सैमसन ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।
हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने छोटी लेकिन अहम पारियां खेलकर सहयोग दिया, हालांकि जीत की नींव सैमसन की पारी से ही पड़ी।
शिवम दुबे के चौकों से बदला समीकरणअंतिम दो ओवरों में भारत को 17 रन की जरूरत थी। 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर हार्दिक पांड्या 17 रन बनाकर आउट हुए, जिससे मुकाबला रोमांचक हो गया। ऐसे में शिवम दुबे ने आते ही तीन गेंदों के भीतर दो चौके जड़कर दबाव कम कर दिया। इन शॉट्स ने मैच की दिशा भारत के पक्ष में मोड़ दी।
आखिरकार भारतीय टीम ने लक्ष्य हासिल करते हुए न केवल सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया, बल्कि ईडन गार्डन्स में टी20 इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज भी अपने नाम दर्ज कर लिया।



