वाराणसी, 05 मार्च।
टी-20 विश्वकप क्रिकेट के सेमीफाइनल को लेकर वाराणसी में उत्साह का माहौल देखने को मिला। गुरूवार को नमामि गंगे के सदस्यों ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के लिए मां गंगा की आरती कर टीम का मनोबल बढ़ाया। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भारतीय खिलाड़ियों की तस्वीर और राष्ट्रध्वज के साथ शंखनाद कर भारतीय टीम के लिए शुभकामनाएं दीं।
टी-20 विश्वकप क्रिकेट में भारतीय टीम सेमीफाइनल तक पहुंच चुकी है। गुरूवार को ललिता घाट पर नमामि गंगे के सदस्यों ने 'भारत माता की जय', 'चक दे इंडिया', 'जीतेगा भाई जीतेगा' और 'हिंदुस्तान जीतेगा' जैसे उद्घोष के साथ भारत की जीत के लिए प्रार्थना की। विशेष रूप से इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मुकाबले में भारतीय टीम की सफलता के लिए बाबा विश्वनाथ से आशीर्वाद मांगा गया।
इस अवसर पर माताओं, बहनों, बुजुर्गों और युवाओं ने भी भाग लेकर टीम इंडिया के लिए प्रार्थना की। नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि भारत को फाइनल का टिकट पाने के लिए इंग्लैंड के खिलाफ साधारण नहीं, बल्कि विशेष प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को 140 करोड़ लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा।
आरती और उत्साहवर्धन के दौरान मनीष शर्मा, निशि गर्ग, उत्कर्ष केसरी, संजय गर्ग और अमन सहित कई लोग उपस्थित रहे। इस आयोजन ने भारतीय टीम के प्रति भावनाओं और देशभक्ति को उजागर किया।



