09 मार्च, तिरुवनंतपुरम।
संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत की आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में जीत के बाद केरल सरकार ने उनके सम्मान में विशेष स्वागत समारोह आयोजित करने का फैसला किया है। राज्य के सामान्य शिक्षा एवं श्रम मंत्री वी शिवनकुट्टी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
मंत्री ने एक बयान में कहा कि तिरुवनंतपुरम के तटीय क्षेत्र विजिंजम से आने वाले संजू सैमसन ने टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे केरल को गौरवान्वित किया है। भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने के साथ-साथ उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट) भी चुना गया।
राज्य सरकार की ओर से राजधानी तिरुवनंतपुरम में आधिकारिक स्वागत समारोह आयोजित कर सैमसन को सम्मानित किया जाएगा। हालांकि इस कार्यक्रम की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
रविवार को अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में सैमसन का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा और खासकर क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल में उनकी पारियां भारत की जीत में निर्णायक साबित हुईं।



