भोपाल, 01 मार्च।
टी-20 विश्वकप के सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की शानदार जीत के बाद मध्य प्रदेश में क्रिकेट प्रेमियों ने जोरदार उत्सव मनाया। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, गुना और अन्य शहरों में क्रिकेट फैंस ने बड़े स्क्रीन पर मैच देखा और भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाने के लिए सड़कों पर उतर आए। इस दौरान कई जगह आतिशबाजी की गई और लोग डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए।
भारतीय टीम ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए सुपर-8 मैच में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। मैच में संजू सैमसन ने नाबाद 97 रन की मैच विनिंग पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। इस जीत के बाद भोपाल और अन्य शहरों में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
भोपाल के बड़वाले महादेव मंदिर में देशभक्ति गीतों और तिरंगे के साथ जीत का जश्न मनाया गया। लोग ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए पटाखे चलाकर, ढोल-नगाड़े बजाकर और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर उत्सव में शामिल हुए। इंदौर और उज्जैन के प्रमुख चौकों पर भी लोग देर रात तक सड़कों पर जश्न मनाते रहे। पुलिस ने भीड़ नियंत्रित करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए।



