भोपाल, 01 मार्च।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) के 1986 बैच के पूर्व छात्रों का 40 वर्षों बाद भव्य पुनर्मिलन (Reunion) कार्यक्रम रविवार को उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर देश-विदेश से आए पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपने छात्र जीवन की यादें ताज़ा कीं और अनुभव साझा किए। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
दो दिवसीय रीयूनियन में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें स्वागत सत्र, अनुभव साझा करना, समूह चर्चा, सांस्कृतिक संध्या, शिकारा राइड और वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में साइक्लिंग शामिल थीं। पूर्व छात्रों ने कैंपस और हॉस्टल का दौरा कर पुराने दिनों की यादें ताज़ा कीं और सामूहिक वृक्षारोपण में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान फन गेम्स, इंटरैक्टिव गतिविधियाँ और लाइव बैंड प्रस्तुति ने माहौल को और जीवंत बना दिया। सभी ने कहा कि मैनिट ने उन्हें तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ जीवन मूल्यों, नेतृत्व और आजीवन मित्रता का मजबूत आधार दिया। यह पुनर्मिलन संस्थान से जुड़े भावनात्मक संबंध और पुराने मित्रों के बीच स्थायी जुड़ाव का प्रतीक बना।



