भोपाल, 28 फरवरी।
राजधानी भोपाल में होली के अवसर पर भोपाल हाट में दो दिवसीय विशेष होली मेले का आयोजन आज से किया जा रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह सुबह 10 बजे मेले का शुभारंभ करेंगी।
मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा आयोजित इस मेले में प्रदेश के विभिन्न जिलों से स्व-सहायता समूहों की महिलाएं अपने उत्पाद लेकर पहुंची हैं। मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। भोपाल हाट स्थित आजीविका मार्ट में 21 फरवरी से ही होली से जुड़ी सामग्री विशेष रूप से उपलब्ध कराई जा रही है।
मिशन की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हर्षिका सिंह ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस बार प्राकृतिक रंग, पूजन सामग्री, गौ-काष्ठ उत्पाद, मिठाइयां, नमकीन, घी, वस्त्र और अन्य उपयोगी वस्तुएं समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार की गई हैं। इन उत्पादों को आकर्षक होली उपहार पैक में भी संयोजित किया गया है, जिसका विमोचन 25 फरवरी को मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित विपणन क्षमता वर्धन कार्यशाला में किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि समूहों के उत्पादों के प्रदर्शन और विक्रय के माध्यम से सदस्यों की आय बढ़ाने के लिए मिशन लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में इस बार प्राकृतिक रंगों और पारंपरिक व्यंजनों के साथ उत्साहपूर्ण होली मनाने की तैयारी की गई है।
मेले में प्रदेश के विभिन्न अंचलों के लोकप्रिय व्यंजनों का स्वाद भी लिया जा सकेगा। इनमें इंदौर का पोहा-जलेबी, मुरैना की बेड़ई-सब्जी और चासनी वाली गुजिया, जबलपुर की मगज गुजिया, रीवा की मावा गुजिया, रतलाम के नमकीन सेव तथा इंदौर की ठंडाई विशेष आकर्षण रहेंगे। साथ ही प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में संचालित आजीविका ग्रामीण मार्ट तथा जिला स्तरीय होली मेलों में भी समूहों द्वारा तैयार सामग्री उपलब्ध रहेगी।



